महासमुंद में 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर विशाल रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं का होगा सम्मान

महासमुंद में 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर विशाल रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं का होगा सम्मान

May 26, 2026 0 By Central News Service

महासमुंद, 11 जून 2026। माननीय राज्यपाल छत्तीसगढ़ की मंशा के अनुरूप रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा महासमुंद 14 जून 2026, शनिवार को “विश्व रक्तदाता दिवस” पर विशाल रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन कर रही है।

यह कार्यक्रम जिला चिकित्सालय महासमुंद स्थित ब्लड बैंक में प्रातः 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा। शिविर का संचालन कलेक्टर एवं पदेन अध्यक्ष, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी श्री विनय कुमार लंगेह (आई.ए.एस.) के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में होगा।

ये रहेंगे मुख्य रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री संदीप दीवान, उपाध्यक्ष श्री भूपेन्द्र राठौर, कोषाध्यक्ष श्री पारस चोपड़ा, सचिव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव तथा जिला रेडक्रॉस अधिकारी एवं राज्य प्रतिनिधि डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी सहित सभी पदाधिकारी व सदस्य सक्रिय सहभागिता निभाएंगे।

नियमित रक्तदाताओं को मिलेगा सम्मान
शिविर में जिले के समाजसेवी, युवा, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और आम नागरिक बड़ी संख्या में रक्तदान करेंगे। इस दौरान नियमित रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाएगा।

संरक्षक सदस्य श्री मनोज पिंचा और जिला रेडक्रॉस अधिकारी डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी ने जिले के नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें और मानव सेवा के इस महाअभियान को सफल बनाएं।

नोट: रक्तदान करने वाले व्यक्ति अपना फोटो पहचान पत्र साथ लाएं। रक्तदान से पहले हल्का नाश्ता अवश्य करें।