सांसद रूपकुमारी चौधरी की मौजूदगी में महिला चेम्बर का ‘उदया’ कार्यक्रम, 10 जांबाज महिलाओं को किया सम्मानित
May 14, 2026रायपुर, 13 मई 2026
महिला चेम्बर ने कल “वात्सल्य से उदित – उदया” थीम पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य “डिजिटल पे पहचान, बिज़नेस की उड़ान” को जमीन पर उतारना था। इसमें बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों ने भाग लिया और डिजिटल व्यापार की नई जानकारी हासिल की।
मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी उपस्थित थे। सांसद चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिलाएं हर क्षेत्र में योग्यता साबित कर रही हैं। डिजिटल साक्षरता अब विकल्प नहीं, आवश्यकता है। इससे छोटे व्यवसायों को वैश्विक पहचान मिल सकती है। उन्होंने सम्मानित 10 महिलाओं के संघर्ष को प्रेरणादायक बताते हुए महिला चेम्बर के प्रयासों की सराहना की।
महिला चेम्बर अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता ने कहा कि ‘उदया’ के जरिए हम महिलाओं को डिजिटल साक्षर बनाने के साथ ही ऐसा मंच दे रहे हैं जहाँ उनके हुनर को पहचान मिले। उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए सभी सदस्यों और श्री सतीश थौरानी का आभार जताया।
कार्यक्रम में डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ निमिषा सिंह, संस्थापक LIME–Let’s Get Social ने “डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा” पर सत्र लिया। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सही उपयोग छोटे व्यवसाय को बड़ा ब्रांड बना सकता है। साथ ही सुरक्षित डिजिटल पेमेंट और साइबर क्राइम से बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए।
श्री सतीश थौरानी ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से स्वतंत्र होना जरूरी है और डिजिटल माध्यम इसमें सबसे बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि महिला चेम्बर व्यापार के साथ समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त कर रही है।
10 जांबाज महिलाओं का सम्मान
महिला चेम्बर ने उन 10 महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में हिम्मत और मेहनत से सफलता पाई। सम्मानित महिलाएं रहीं:
देविंदर कौर गुरुदत्ता, मधु अरोड़ा, सीमा पांडेय, सरोजनी पाणिग्रही, सोमा घोष, सोनिया साहू, दुर्गेश नंदिनी वर्मा, जया (बुज्जी नानी टॉयज), इंदिरा जैन, इंद्रा करन राजपूत।
मातृत्व को समर्पित विशेष सत्र में समाज निर्माण में माताओं के योगदान को भी रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत रीति की कत्थक प्रस्तुति से हुई जिसने श्रोताओं का मन मोह लिया। प्रश्नोत्तर सत्र में महिलाओं की शंकाओं का समाधान किया गया। अंत में प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी का विशेष अभिनंदन हुआ और सामूहिक भोज व नेटवर्किंग सत्र के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में चेम्बर पदाधिकारी, सलाहकार, उद्यमी और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।


