पाँच दिवसीय राज्य स्तरीय पीपीटी कार्यशाला का आयोजन

पाँच दिवसीय राज्य स्तरीय पीपीटी कार्यशाला का आयोजन

April 23, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा के आदेशानुसार एवं राज्य सचिव बृजेश वाजपेई के मार्गदर्शन में बालाजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर में पाँच दिवसीय राज्य स्तरीय आवासीय पीपीटी (PowerPoint Presentation) कार्यशाला का सफल आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला दिनांक 20 अप्रैल से 24 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्काउटर एवं गाइडर के प्रशिक्षण में एकरूपता लाना तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रशिक्षण प्रक्रिया को पूर्णतः पेपरलेस बनाना है। इस प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ के 14 जिलों से कुल 19 प्रतिभागी सक्रिय रूप से भाग लेकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इस कार्यशाला में बेसिक कोर्स से लेकर हिमालयन वुड बैज तक के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए उच्च गुणवत्ता वाली पीपीटी सामग्री तैयार की जा रही है। पूर्व में जहाँ प्रशिक्षण चार्ट पेपर, ब्लैकबोर्ड एवं मैनुअल के माध्यम से संचालित होता था, वहीं अब आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए मास्टर ट्रेनर्स द्वारा पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए प्रभावी एवं सुसंगठित प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ विषयवस्तु की प्रस्तुति को अधिक आकर्षक, सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे भविष्य में प्रशिक्षण प्रक्रिया और अधिक सुदृढ़ एवं परिणामकारी बन सके।
इस आवासीय शिविर के सफल संचालन में बालाजी आंध्रा एसोसिएशन एवं बालाजी विद्यालय प्रबंधन का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। शिविर का अवलोकन करते हुए पूर्व राज्य मुख्य आयुक्त जी स्वामी एवं जिला आयुक्त तथा जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल से प्रशिक्षण प्रक्रिया में एकरूपता आएगी तथा प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण देने में अत्यंत सुविधा होगी।
इस कार्यशाला के सफल संचालन में शिविर संचालक एवं वयस्क लीडर आयुक्त अशोक देशमुख, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त श्रीमती सरिता पांडे, श्री अमित क्षत्रीय, राज्य संगठन आयुक्त जलवती साहू, डॉ. पूनम सिंह, राज्य मुख्यालय आयुक्त शैलेंद्र मिश्रा, एल.टी. गाइड जेमिना एक्का तथा श्रीमती सरस्वती गिरिया का विशेष योगदान सराहनीय है।
यह कार्यशाला न केवल प्रशिक्षण पद्धति में नवाचार का प्रतीक है, बल्कि भविष्य में स्काउटिंग-गाइडिंग के प्रशिक्षण को आधुनिक, प्रभावी एवं तकनीक-सम्मत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।