करणी कृपा प्लांट की पाइपलाइन के लिए किसानों की जमीन पर अवैध बुलडोजर,विरोध करने वालों को जेल –किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानिक साहू ने ठेकेदारों और प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप…

करणी कृपा प्लांट की पाइपलाइन के लिए किसानों की जमीन पर अवैध बुलडोजर,विरोध करने वालों को जेल –किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानिक साहू ने ठेकेदारों और प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप…

December 1, 2025 0 By Central News Service

महासमुंद 01 दिसंबर 2025/ गोपालपुर एनीकट जो किसानों और पशुओं की निस्तारी के लिए बनाया गया था, उसके आसपास के गाँवों में करनी कृपा एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के पाइपलाइन ठेकेदारों ने आतंक मचा रखा है। बिना पंचायत प्रस्ताव, बिना ग्राम सभा की सहमति और बिना किसी वैधानिक अनुमति के ठेकेदार भारी मशीनों और ट्रकों से छोटे-छोटे गाँवों की सड़कों पर दौड़ लगा रहे हैं, कृषि भूमि की अवैध खुदाई कर रहे हैं और विरोध करने वाले किसानों-ग्रामीणों को खुलेआम धमकाया जा रहा है।
किसान नेता एवं किसान कांग्रेस के महासमुंद जिला अध्यक्ष मानिक साहू ने विज्ञप्ति जारी कर ठेकेदारों और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।


“तुमगाँव और आसपास के गाँवों के किसान भय के साए में जी रहे हैं। ठेकेदारों के भारी वाहन गाँव की संकरी सड़कों को तोड़ रहे हैं, फसलें बर्बाद कर रहे हैं, लेकिन जब किसान विरोध करते हैं तो उन पर झूठे मुकदमे ठोंक कर जेल भेजा जा रहा है। सबसे शर्मनाक घटना यह हुई कि जब गाँव के कुछ लोग प्लांट के बाहर छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापित कर रहे थे, तब भी पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वास्तविक दोषी ठेकेदार खुलेआम घूम रहे हैं। सरपंच पति को भी लूटपाट के झूठे केस में जेल भेज दिया गया सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने ठेकेदारों का विरोध किया था।”


साहू ने आगे कहा,की ग्रामीण थाने में शिकायत करते है लेकिन महासमुंद की पुलिस ठेकेदारों के इशारे पर ही चल रही है। किसान फोन करें तो पुलिस नहीं आती, ठेकेदार फोन करें तो तुरंत हाजिर होकर किसानों को ही धमकाने लगती है। यह लोकतंत्र नहीं, ठेकेदार-तंत्र है। गोपालपुर एनीकट किसानों की जीवनरेखा है, उसकी जल-स्तर को खतरे में डालकर सिर्फ एक निजी प्लांट के लिए यह सब हो रहा है। हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे।”


किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानिक साहू ने चेतावनी दी है कि अगर अवैध खुदाई और किसानों पर दमन तत्काल नहीं रुका तो किसान कांग्रेस पूरे महासमुंद जिले में बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगी। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
उन्होंने कहा है कि पिछले कई दिनों से लगातार गाँव-गाँव जाकर किसानों संपर्क कर रहे हैं। ग्रामीणों ने श्री साहू को बताया है कि ठेकेदारों अपनी मर्जी से सारे नियम कायदे कानून को तांक पर रख कर काम कर रहा है।