कांग्रेस पार्टी से 6 वर्षों के लिए अंकित बागबाहरा निष्कासित….पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पार्टी ने उठाया सख्त क़दम…
September 22, 2025संपादक मनोज गोस्वामी
बागबाहरा 22 सितंबर 2025/ खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता व पर्यटन मंडल के पूर्व सदस्य अंकित बागबाहरा को क्षेत्र में कांग्रेस की रीति-नीति एवं सिद्धांतों के विपरीत कार्य करने, समानांतर संगठन चलाने के प्रयास व संगठन को नीचा दिखाने का आरोप सही पाए जाने पर खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के चारों ब्लॉक अध्यक्षों ने संयुक्त बैठक कर जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर से मार्गदर्शन प्राप्त कर पार्टी से 6 साल के लिए शनिवार को निष्कासित कर दिया है। उल्लेखनीय है कि अंकित बागबाहरा को कांग्रेस से तीसरी बार निष्कासित किया गया है। कोमाखान ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष संतोष पटेल ने बताया कि विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते पिथौरा ब्लॉक कांग्रेस ने पहले ही उनके विरूद्ध निष्कासन प्रस्ताव पारित किया था।

इसके बावजूद हाल ही में नगर पालिका चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के विरूद्ध फ्लेक्स लगाकर संगठन को अपमानित करने जैसी हरकतें करने का भी उन पर आरोप था। किसानों ने भी उन पर फसल बीमा की राशि वितरण में गंभीर आरोप लगाए थे। मामले में किसानों ने बड़ी रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया और कांग्रेस से उन्हें हटाने के लिए ब्लॉक अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा था। हाल ही में शहर कांग्रेस अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना और टिप्पणी कर सामानांतर संगठन चलाने की कोशिश की।
खल्लारी विधानसभा के शहर अध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष रवि निषाद, कोमाखान अध्यक्ष संतोष पटेल, पिथौरा अध्यक्ष करण सिंह दीवान ने सर्वसम्मति से 6 वर्षों के लिए कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया है।



