शराबी बेटे के रोज-रोज विवाद से तंग आकर, मां ने बेटे को उतारा मौत के घाट…
August 24, 2025
संपादक मनोज गोस्वामी
महासमुंद / 24 अगस्त 2025/ कहते हैं नशा नाश का जड़ है, उक्त बात आज कि दुनिया में सिद्ध होते जा रही है। खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीपाली में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में आए दिन गाली-गलौज और विवाद करने वाले बेटे को उसकी मां ने कुल्हाड़ी से मारकर मौत के घाट उतार दिया।
खल्लारी थाना प्रभारी शैलेन्द्र नाग से मिली जानकारी के अनुसार, कल दिनांक 23 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे सूरज सोरी (26 वर्ष) अपने घर में शराब के नशे में अपनी मां रुक्मणी सोरी से गाली-गलौज कर रहा था। रोज -रोज बेटे की शराब के नशे में आकर विवाद करने से तंग मां ने घर में रखे कुल्हाड़ी से सूरज के सिर पर वार कर दिया , जिसमें सूरज लहुलुहान होकर जमीन में गिर गया । घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। घायल सूरज को जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक सूरज सोरी रोज सुबह शाम शराब और गांजे का नशा करने के लिए पैसे कि मांग करता था और पैसे नहीं मिलने पर अपनी मां और छोटे भाइयों को रोज झगड़ा करता था। घटना के शाम भी ऐसा हुआ कि वह नशे में धुत्त होकर अपनी मां से मार पीट रहा था, तभी मां ने उनके ऊपर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। खल्लारी पुलिस आरोपी मां रुक्मणी सोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।



