राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने की माँ दंतेश्वरी की पूजा, देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की
October 23, 2026जगदलपुर / रायपुर, 23 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति ने माँ दंतेश्वरी से देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन के लिए प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का परंपरागत ढंग से स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री रमेन डेका और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी उपस्थित थे। दोनों ने भी माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि माँ दंतेश्वरी के प्रति बस्तर के लोगों की अटूट श्रद्धा है और वे बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति का यहाँ आगमन बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।
उन्होंने कहा कि बस्तर अपनी अनुपम जनजातीय संस्कृति और प्राचीन परंपराओं के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। राष्ट्रपति के प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।


