संविधान दिवस पर रायपुर के 3 स्कूलों में लगे विधिक साक्षरता शिविर, 300 विद्यार्थियों को मिले अधिकारों की जानकारी

संविधान दिवस पर रायपुर के 3 स्कूलों में लगे विधिक साक्षरता शिविर, 300 विद्यार्थियों को मिले अधिकारों की जानकारी

November 27, 2026 0 By Central News Service

रायपुर // जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के निर्देशानुसार संविधान दिवस के अवसर पर जिले के तीन शासकीय विद्यालयों में विशेष विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में करीब 300 छात्र-छात्राओं को संविधान, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई।

शिविरों में पैरालीगल वालेंटियर्स लोमीन साहू और शुभा यदु ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, प्रस्तावना, न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों और निःशुल्क विधिक सहायता की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और संवैधानिक कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

इन स्कूलों में हुए शिविर –

  • शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दतरेंगा
  • स्वर्गीय श्री आशाराम डहरिया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, छछानपैरी
  • शासकीय नवीन पूर्व माध्यमिक शाला, डोमा

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों और विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति निरंतर जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।