उरला फैक्ट्री में सुरक्षा के बिना काम, झुलसे मजदूर ने 4 महीने बाद तोड़ा दम, 9 महीने बाद दर्ज हुई FIR*

उरला फैक्ट्री में सुरक्षा के बिना काम, झुलसे मजदूर ने 4 महीने बाद तोड़ा दम, 9 महीने बाद दर्ज हुई FIR*

November 27, 2026 0 By Central News Service

CNS | रायपुर // उरला इलाके में स्थित एक फैक्ट्री में लापरवाही ने एक मजदूर की जान ले ली। हादसे में बुरी तरह झुलसे मजदूर का 4 महीने तक इलाज चला, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। हैरानी की बात यह है कि मौत के बाद भी जिम्मेदारों पर FIR दर्ज करने में पुलिस को 9 महीने लग गए।

मामला बोरझरा स्थित लक्ष्मीनारायण प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का है। पुलिस ने जांच के बाद कंपनी प्रबंधन के खिलाफ धारा 289 और 106 (1) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री में काम के दौरान मजदूर को कोई सुरक्षा उपकरण नहीं दिया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

क्या हुआ था उस दिन –
16 फरवरी 2026 को उरला अछोली बाजार चौक निवासी विजय ध्रुव पिता उपेन्द्र ध्रुव, उम्र 46 वर्ष फैक्ट्री में काम कर रहा था। दोपहर 12 से 1 बजे के बीच वह गैस कटर से लोहा काट रहा था। इसी दौरान गर्म गैस कटर की चपेट में आकर वह बुरी तरह झुलस गया। उसके सिर में भी गंभीर चोटें आईं।

घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 4 महीने तक उसका इलाज चलता रहा। आखिरकार 19 जून को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

जांच में खुली लापरवाही की पोल –
तीन महीने तक चली जांच में पुलिस ने पाया कि कंपनी प्रबंधन ने मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं किया था। मजदूर को बिना हेलमेट, बिना ग्लव्ज और बिना सुरक्षा किट के गैस कटर पर काम कराया जा रहा था। प्रबंधन की इसी उपेक्षा और लापरवाही के कारण मजदूर झुलसा और बाद में उसकी मौत हो गई।

अब भी अधूरा है सवाल –
पुलिस ने प्रबंधन के खिलाफ FIR तो दर्ज कर ली है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस लापरवाही के लिए कंपनी के कौन-कौन से अधिकारी जिम्मेदार हैं। पुलिस का कहना है कि जिम्मेदार लोगों के नाम पता करने के लिए जांच जारी है।

परिजनों का आरोप है कि अगर समय पर सुरक्षा उपकरण दिए गए होते और हादसे के बाद सही इलाज मिलता तो विजय की जान बच सकती थी। अब परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।