जनदर्शन में मुख्यमंत्री ने खोला मदद का हाथ, 3 जरूरतमंदों को तुरंत दिए 55 हजार के चेक
November 26, 2026रायपुर // मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपचार के लिए आर्थिक सहायता की उम्मीद लेकर पहुंचे जरूरतमंदों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और मौके पर ही मदद उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री ने 3 जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक प्रदान किए।
7 वर्षीय आवान की थेरेपी के लिए 40 हजार –
रायपुर से अपने 7 वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के उपचार के लिए पहुंचे मोहम्मद आरिफ ने बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी में प्रतिमाह लगभग 40 हजार रुपए का खर्च आता है। दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उनके पास वर्तमान में रोजगार का कोई साधन नहीं है।
मुख्यमंत्री ने पिता की व्यथा को सुनकर बच्चे की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपए की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया और आवान के बेहतर स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पेट की बीमारी से पीड़ित ज्ञानेश को 10 हजार –
पाटन से पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने बताया कि वे पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं और आर्थिक कठिनाइयों के कारण उपचार कराने में असमर्थ हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनकर उपचार के लिए तत्काल 10 हजार रुपए का चेक प्रदान किया।
70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी को 5 हजार –
रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए भी मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री ने उनकी सुपुत्री ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा।
जनदर्शन में जरूरतमंदों की समस्याओं को सुनकर तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बनी।


