जनदर्शन बना उम्मीद की चौखट – 30 साल बाद 83 वर्षीय परसराम ने सुनी दुनिया की आवाज, बच्चों के इलाज से लेकर बिटिया की पढ़ाई तक मिला सहारा
November 26, 2026रायपुर // मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं आत्मीयता से सुनीं और मौके पर ही समाधान की पहल की। कहीं 30 साल के सन्नाटे के बाद बुजुर्ग के कानों में आवाज लौटी, तो कहीं मासूम बच्चों के इलाज और बिटिया की पढ़ाई के लिए मदद का भरोसा मिला।
30 वर्षों बाद साफ सुन सके 83 वर्षीय परसराम –
कोरबा जिले के कटघोरा के भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर पिछले 30 वर्षों से कम सुनाई देने की समस्या से जूझ रहे थे। बेटे के साथ जनदर्शन में पहुंचे परसराम ने मुख्यमंत्री को बातचीत और रोजमर्रा के कामकाज में आने वाली परेशानियों के बारे में बताया।
मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया। बातचीत के दौरान जब उन्हें पता चला कि परसराम को देखने में भी परेशानी है, तो उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उनकी आंखों की जांच कराकर चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्रवण यंत्र मिलने के बाद परसराम वर्षों बाद साफ आवाजें सुन सके। मुख्यमंत्री ने भाटापारा के बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र प्रदान किया।
पिता के इलाज में खत्म हुई जमा पूंजी, फरहीन को पढ़ाई के लिए मदद का भरोसा –
जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंची फरहीन ने बताया कि उनके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया। अब परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है।
मुख्यमंत्री ने उनकी आपबीती आत्मीयता से सुनी और ढांढस बंधाते हुए पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने इसके लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
तीन वर्षीय पार्थ और छह वर्षीय छयांश के इलाज की होगी व्यवस्था –
राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची पूर्णिमा साहू ने बताया कि समय से पहले जन्म लेने के कारण पार्थ को करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। तीन साल की उम्र में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है। चिकित्सकों ने उसे मोतियाबिंद की समस्या बताई है और आंखों में लेंस प्रत्यारोपण पर लाखों रुपये का खर्च बताया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पार्थ के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रायपुर के आमानाका, कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता हिरकना बाई के साथ 6 वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए मदद मांगने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। बड़े बेटे का ऑपरेशन काफी कठिनाइयों के बीच कराया था, अब वह स्वस्थ है। आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे का ऑपरेशन नहीं करा पा रहे हैं। पत्नी के निधन के बाद वे अपनी बुजुर्ग माता और बहन के सहयोग से दोनों बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने छयांश के तत्काल उपचार के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्याओं के निराकरण के लिए ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे जरूरतमंद नागरिकों को अनावश्यक भटकना न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


