पिता को कैंसर ने छीन लिया, घर गिरवी रखने की नौबत… जशपुर की बिटिया की फरियाद सुन पिघल गए मुख्यमंत्री

पिता को कैंसर ने छीन लिया, घर गिरवी रखने की नौबत… जशपुर की बिटिया की फरियाद सुन पिघल गए मुख्यमंत्री

November 26, 2026 0 By Central News Service

रायपुर // मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में आज जशपुर से आई एक बिटिया की आपबीती सुनकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी भावुक हो गए। अपनी माता के साथ पहुंची बीकॉम की छात्रा फरहीन ने मुख्यमंत्री को परिवार की आर्थिक परेशानियों से अवगत कराया।

फरहीन ने बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। बीमारी से संघर्ष करते हुए वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया। पिता के इलाज में आर्थिक संसाधन समाप्त हो जाने के कारण अब परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है।

बिटिया की आपबीती सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने फरहीन को अपनी पढ़ाई बिना किसी चिंता के जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कठिन परिस्थितियों में सरकार जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री से अपनी पीड़ा साझा करने और सहायता का भरोसा मिलने के बाद फरहीन के चेहरे पर संतोष और उम्मीद की मुस्कान लौट आई।