3 साल के नन्हे पार्थ की आंखों में रोशनी लौटाएंगे मुख्यमंत्री, मां की गुहार पर तुरंत दिए इलाज के निर्देश
November 26, 2026रायपुर // मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में आज एक मां अपने 3 वर्षीय बेटे की आंखों की रोशनी की उम्मीद लेकर पहुंची। राजनांदगांव से आई पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से अपने बेटे पार्थ साहू के बेहतर इलाज की गुहार लगाई।
पूर्णिमा ने बताया कि उनका बेटा पार्थ प्रीमैच्योर पैदा हुआ था। जन्म के समय स्थिति कमजोर होने के कारण उसे करीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था। अब तीन साल की उम्र में भी वह शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है। चिकित्सकों ने उसे मोतियाबिंद की समस्या बताई है और आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के लिए लाखों रुपये का खर्च बताया है।
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेटे का महंगा इलाज कराना संभव नहीं हो पा रहा था।
मां की चिंता और बच्चे की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पार्थ के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आर्थिक परेशानी उसके उपचार में बाधा न बने।
मुख्यमंत्री की इस संवेदनशील पहल से बेटे के बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर पहुंची मां पूर्णिमा को राहत और भरोसा मिला है।


