30 साल बाद जब बुजुर्ग के कानों में गूंजी साफ आवाज, तो आंखों में आ गए आंसू… बोले – अब सब सुनाई दे रहा है
November 26, 2026रायपुर // मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में आज संवेदनशीलता की ऐसी तस्वीर दिखी, जिसने सबका मन छू लिया।
कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने पुत्र सोमनाथ राठौर के साथ पहुंचे थे। करीब 30 वर्षों से उन्हें सुनने में दिक्कत थी। सामान्य बातचीत और रोजमर्रा के काम में भी उन्हें भारी परेशानी होती थी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी पूरी बात धैर्यपूर्वक सुनी। हालचाल पूछा और कहा – “बाबा, चिंता मत कीजिए, अब आपको सुनने में परेशानी नहीं होगी। आपकी समस्या का समाधान यहीं किया जाएगा।”
बुजुर्ग ने आंखों की कमजोरी की बात भी बताई। मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को श्रवण यंत्र के साथ-साथ चश्मा भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
और फिर वो पल आ गया…
श्रवण यंत्र लगते ही परसराम राठौर को साफ-साफ आवाजें सुनाई देने लगीं। लंबे अरसे बाद साफ सुन पाने पर वे अभिभूत हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा – “अब मुझे सब कुछ अच्छी तरह सुनाई दे रहा है। इतने वर्षों बाद इतनी साफ आवाज सुनकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुख्यमंत्री जी ने मेरी बहुत बड़ी समस्या दूर कर दी।”
पुत्र सोमनाथ राठौर ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
भाटापारा के बलवंत को भी मिली राहत
इसी जनदर्शन में भाटापारा के नेहरू वार्ड निवासी बलवंत सिंह यादव ने भी श्रवण यंत्र और श्रवण दिव्यांगता प्रमाण पत्र की मांग की। उन्होंने बताया कि दाएं कान से कम सुनाई देता है और बाएं कान में भी श्रवण त्रुटि है। मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया और दिव्यांगता प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिए।


