बागबाहरा का उत्कल एग्रोटेक सील… भौतिक सत्यापन में 47 हजार 64 कट्टा शासकीय धान कम पाए जाने पर कार्रवाई, मौके से 268 क्विंटल चावल जब्त… अन्य मिलर्स को भी नोटिस

बागबाहरा का उत्कल एग्रोटेक सील… भौतिक सत्यापन में 47 हजार 64 कट्टा शासकीय धान कम पाए जाने पर कार्रवाई, मौके से 268 क्विंटल चावल जब्त… अन्य मिलर्स को भी नोटिस

November 26, 2026 0 By Central News Service

महासमुंद, 26 नवंबर 2026/ शासन के निर्देशानुसार अन्य जिलों में चावल जमा नहीं करने वाले राइस मिलर्स के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खाद्य, राजस्व एवं विपणन संघ के संयुक्त दल द्वारा ग्राम कल्याणपुर, विकासखंड बागबाहरा स्थित उत्कल एग्रोटेक राइस मिल का जांच एवं भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान मिल में 47 हजार 64 कट्टा शासकीय धान कम पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मिल को आगामी आदेश तक सील कर दिया है।


जांच के दौरान मिल परिसर में उपलब्ध 268 क्विंटल चावल मौके पर जब्त किया गया। शासकीय धान की कमी पाए जाने तथा शासन के निर्देशानुसार निर्धारित जिलों में चावल जमा नहीं करने के मामले में उत्कल एग्रोटेक, कल्याणपुर, विकासखंड बागबाहरा में तालाबंदी एवं सीलबंदी की कार्रवाई की गई।


शासन द्वारा मिलर्स को अन्य जिलों में चावल जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत उत्कल एग्रोटेक को कोंडागांव जिले में 650 क्विंटल, बलौदाबाजार जिले में 3,386 क्विंटल तथा बस्तर जिले में 4,335 क्विंटल चावल जमा करना था। निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं किए जाने पर प्रशासन द्वारा मिल का भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें शासकीय धान की बड़ी मात्रा में कमी सामने आई।


प्रशासन द्वारा अन्य राइस मिलों को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं तथा उनके स्टॉक एवं चावल जमा करने की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने शासकीय धान एवं चावल के भंडारण, उठाव और जमा की प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। शासकीय धान में अनियमितता, निर्धारित मात्रा में चावल जमा नहीं करने तथा नियमों के उल्लंघन पर संबंधित मिलर्स के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी एवं कस्टम मिलिंग व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच एवं कार्रवाई का सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।