बुजुर्ग दादी की आंखों में आंसू देख पिघल गए मुख्यमंत्री, बोले – पैसे की कमी से नहीं रुकेगा छयांश का इलाज

बुजुर्ग दादी की आंखों में आंसू देख पिघल गए मुख्यमंत्री, बोले – पैसे की कमी से नहीं रुकेगा छयांश का इलाज

November 26, 2026 0 By Central News Service

रायपुर // मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में आज एक बुजुर्ग दादी अपने पोते के भविष्य की उम्मीद लेकर पहुंचीं। रायपुर के आमानाका, कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता हिरकना बाई कोटांगले के साथ 6 वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए सहायता की गुहार लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले।

अमित ने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। बड़ी मुश्किल से बड़े बेटे का ऑपरेशन करवाया, अब वह स्वस्थ है। लेकिन छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन आर्थिक तंगी के कारण नहीं हो पा रहा। पत्नी का निधन हो चुका है। दोनों बच्चों की परवरिश और घर की जिम्मेदारी वे अपनी बुजुर्ग माता और बहन के साथ मिलकर संभाल रहे हैं।

परिवार की व्यथा सुनकर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि बालक छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहायता की तत्काल व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर उपचार के लिए सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जनदर्शन में दादी की गुहार पर मिली इस तत्काल सहायता से परिवार की आंखों में उम्मीद की नई चमक लौट आई।