मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धनोरा में दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, स्वास्थ्य केंद्र और ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ का किया शुभारंभ
November 23, 2026मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धनोरा में दी 132.69 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, स्वास्थ्य केंद्र और ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ का किया शुभारंभ
रायपुर / कोण्डागांव, 23 नवंबर 2026 // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 2.50 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया और किसानों की उपज को नई बाजार पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों और वहां रहने वाले प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। दूरस्थ वनांचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, किसानों की मेहनत को उचित मूल्य और ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर देना सरकार की प्राथमिकता है।
धनोरा में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, 56 गांवों को मिलेगा लाभ
2.50 करोड़ की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। अब लोगों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य सेवाओं के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से किसानों को मिलेगी नई पहचान
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड के माध्यम से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा परंपरागत तरीके से उत्पादित धान को संगठित बाजार से जोड़ा जाएगा। ये किसान लंबे समय से बिना रासायनिक खाद के प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों से धान की खेती करते आ रहे हैं।
अब जिला प्रशासन की पहल पर किसानों के धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर उसे ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी।
बिहान की दीदियां संभालेंगी प्रसंस्करण से लेकर विपणन तक की जिम्मेदारी
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिहान से जुड़ी स्वसहायता समूह की महिलाएं इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी, जिससे उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर की प्रदेश की खुशहाली की कामना
धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन-पूजन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पेन खण्डा मुदिया को 84 गांवों के ग्रामीण अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं।
मुख्यमंत्री के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सिर पर साफा बांधकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।


