धरसींवा को 27.53 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री साय ने किया भूमिपूजन, 144 गांवों में जाएगी सेवा संवाद यात्रा
November 23, 2026रायपुर, 22 नवंबर 2026 // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम में 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। इन कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, विद्युत और ग्रामीण अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक कार्य तथा ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचने वाली सेवा संवाद यात्रा का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आज धरसींवा में 27 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूलमंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 18 लाख परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया।
सेवा संवाद यात्रा की सराहना
मुख्यमंत्री ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में प्रारंभ की गई सेवा संवाद यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझना बहुत महत्वपूर्ण है। ग्राम चरौदा से शुरू हुई यह यात्रा धरसींवा के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सिंचाई, सड़क, बिजली को मजबूती
मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अंतर्गत कुल 13 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपए की लागत के सिंचाई कार्यों, लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 4 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपए के सड़क कार्यों, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत 2 करोड़ 20 लाख 19 हजार रुपए के कार्यों तथा सीएसपीडीसीएल के अंतर्गत 6 करोड़ 79 लाख 17 हजार रुपए की लागत के विद्युत विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।


