मुख्यमंत्री साय ने पमशाला में किया 1.97 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

मुख्यमंत्री साय ने पमशाला में किया 1.97 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

November 23, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 22 नवंबर 2026 // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री साय ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ये महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनेंगे।

मुख्यमंत्री ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया। उन्होंने पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। महिलाओं का सशक्तिकरण हमारी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी सदन केवल भवन नहीं, बल्कि गांव की माताओं-बहनों के लिए आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसरों के केंद्र होंगे।