‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत रायपुर जिले के शिक्षकों का पॉक्सो एक्ट पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
November 21, 2026रायपुर, 21 नवंबर 2026// राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) के संबंध में अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान “सुरक्षित बचपन अभियान” के तहत शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन जिला न्यायालय रायपुर में किया गया।
उक्त कार्यक्रम में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत चिन्हांकित 89 स्कूलों से लगभग 188 शिक्षकों को पॉक्सो एक्ट पर प्रशिक्षण देने के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से वक्ता के रूप में विनय कुमार प्रधान, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश, सुश्री नंदिनी ठाकुर नोडल अधिकारी विशेष बालक पुलिस यूनिट, मनीष सोनी परिवीक्षा अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग एवं गौरव मण्डल प्रभारी साइबर सेल रायपुर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायिक अधिकारी द्वारा पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के बारे में व्यापक रूप से शिक्षकों को बताया गया। उक्त अपराध को रोकने में शिक्षकों की भूमिका को भी मुख्य रूप से समझाया गया। पॉक्सो एक्ट एवं नाबालिग बच्चों के मामलों में विशेष बालक पुलिस यूनिट जिसके अंतर्गत बाल कल्याण पुलिस अधिकारी भी आते हैं, उनके द्वारा विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्यवाहियों के संबंध में नंदिनी ठाकुर द्वारा विस्तृत रूप से बताया गया।
इसी प्रकार मनीष सोनी परिवीक्षा अधिकारी द्वारा पॉक्सो एक्ट के पीड़ित बच्चों के प्रति संवेदनशील होने एवं उन्हें निरंतर परामर्श एवं देखरेख की आवश्यकता होने पर प्रकाश डाला गया। प्रभारी साइबर सेल द्वारा वर्तमान परिस्थितियों में साइबर अपराध किस प्रकार पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत आता है, उसके संबंध में बताया गया। साइबर बुलिंग, साइबर ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन एवं महिलाओं तथा बच्चों से संबंधित पॉर्नोग्राफी इत्यादि साइबर अपराधों की तकनीकी बारीकियों से शिक्षकों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में अविनाश कुमार दुबे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों के सहयोग से रायपुर जिले के समस्त स्कूलों में पॉक्सो एक्ट के संबंध में लगातार एक वर्ष तक जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। जिसमें ना केवल स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों बल्कि उनके माता-पिता के मध्य भी उक्त कानून के संबंध में जागरूकता एवं प्रचार प्रसार किया जाएगा, जिससे उक्त अपराध से बच्चों को बचाया जा सके।


