पटवारियों की हड़ताल पर CM साय का बड़ा बयान: पहले काम पर लौटो, फिर होगी बात, जायज मांगों पर होगा विचार
November 20, 2026पटवारियों की हड़ताल पर CM साय का बड़ा बयान: पहले काम पर लौटो, फिर होगी बात, जायज मांगों पर होगा विचार
रायपुर। पटवारियों की हड़ताल को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने पटवारियों से काम पर वापस लौटने की अपील करते हुए कहा कि सरकार संवाद के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन पहले हड़ताल खत्म कर काम पर लौटना होगा।
सुहेला में मीडिया से बोले CM
19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा –
“सभी को अपने काम पर आना चाहिए और जनता की सेवा करनी चाहिए। सरकार बातचीत के लिए बिल्कुल तैयार है। पटवारियों की जो भी वाजिब मांगें होंगी, उन्हें सरकार पूरा करने का प्रयास करेगी।”
“पटवारी भी किसान के बेटे हैं” – CM की भावुक अपील
मुख्यमंत्री ने पटवारियों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि पटवारी भी किसी न किसी किसान परिवार से आते हैं। वे भी किसी परिवार के बेटे और भाई हैं। ऐसे में उन्हें किसानों की परेशानियों और तकलीफों को समझना चाहिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है और कहीं कोई परेशानी नहीं हो रही है, फिर भी पटवारियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए काम पर वापस लौटना चाहिए।
कार्रवाई पर भी मिलेगा विचार
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पटवारी काम पर लौटें और सरकार के साथ संवाद करें। उनकी मांगों पर निश्चित रूप से विचार किया जाएगा। इतना ही नहीं, हड़ताल के दौरान पटवारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
मुख्यमंत्री के इस बयान को पटवारी आंदोलन के बीच सरकार की ओर से बातचीत और समाधान का एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। अब देखना होगा कि CM की इस अपील के बाद पटवारी संगठन क्या रुख अपनाता है।


