रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का बड़ा खुलासा: डॉक्टर सहित 3 और गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी जेल में

रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का बड़ा खुलासा: डॉक्टर सहित 3 और गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी जेल में

November 20, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। थाना आजाद चौक पुलिस ने इस मामले में डॉक्टर सहित 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में अब तक कुल 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरोह के नेटवर्क की विस्तृत जांच अभी जारी है।

पहले 3 महिला आरोपी हो चुकी थीं गिरफ्तार

थाना आजाद चौक के अपराध क्रमांक 307/26 धारा 140(3), 143(4), 318(4), 61 बीएनएस के प्रकरण में पुलिस ने पहले
1. कृतिका साहू पति स्व. सुमित कुमार साहू उम्र 34 साल निवासी आमापारा रामकुण्ड थाना आजाद चौक रायपुर
2. अहिल्या नामदेव पिता दीपक नामदेव उम्र 40 साल निवासी सीतानगर गोगांव थाना गुढियारी जिला रायपुर
3. गीतिका नाग पति चिंतामणी नाग उम्र 36 साल निवासी स्टोर पारा पुरैना भिलाई 03 थाना भिलाई 03 जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया था।

महिला आरोपियों से पूछताछ में डॉक्टर और दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।

डॉक्टर का क्या था रोल?

आरोपी डॉ. खिर सिंधु महानंद नवजात शिशु के क्रेता को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था और उसे महिला आरोपी कृतिका साहू को देता था।

आरोपी ने बताया कि वर्ष 2026 में उसके यहां कुल 03 डिलीवरी हुई, लेकिन 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से संबंधित संपूर्ण दस्तावेज एवं ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जप्त किया है।

नर्स और साथी का क्या काम था?

आरोपी प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का कार्य करता था। वह आरोपी अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या नामदेव एवं अन्य आरोपियों के साथ नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में संलिप्त था।

आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं एवं अविवाहित गर्भवती महिलाओं की तलाश करते थे। उन्हें प्रसव हेतु अस्पताल में भर्ती कराया जाता था। इसके बाद नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा कर उससे प्राप्त रकम का आपस में बंटवारा किया जाता था। अश्वनी शर्मा रकम के लेन-देन का कार्य करता था। प्रकरण की प्रार्थिया को भी इसी प्रकार प्रसव हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

गिरफ्तार आरोपी

1. डॉ. खिर सिंधु महानंद पिता गोवर्धन महानंद उम्र 45 साल निवासी मोतीलाल नगर कोटा थाना सरस्वती नगर जिला रायपुर
2. प्रकाश कुमार कौरव पिता स्व. विजय कुमार कौरव उम्र 45 साल निवासी म.नं. सी 4 कपिस विहार अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर जिला रायपुर
3. अश्वनी शर्मा पिता सुखेन्द्र शर्मा उम्र 38 साल निवासी रामकुंड विहार सी 09 थाना आजाद चौक जिला रायपुर

पुलिस का कहना है कि प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका और उनके कृत्यों के संबंध में भी विस्तृत जांच की जा रही है।