बेटे ने ही की मां की हत्या, 3 साल तक सामान्य मौत बताकर छिपाता रहा राज — खमतराई पुलिस ने किया गिरफ्तार

बेटे ने ही की मां की हत्या, 3 साल तक सामान्य मौत बताकर छिपाता रहा राज — खमतराई पुलिस ने किया गिरफ्तार

November 20, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। मां की हत्या को सामान्य मृत्यु दर्शाकर छिपाने वाले पुत्र को खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पारिवारिक विवाद में आरोपी ने अपनी मां की हत्या की थी और 3 साल तक सबको धोखा देता रहा।

क्या है पूरा मामला?

मामला थाना खमतराई के मर्ग क्रमांक 72/2023 का है। मृतिका श्यामा गोस्वामी के सिर में चोट एवं गले में रस्सी के निशान पाए गए थे। मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं परिजनों व गवाहों से प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की आशंका पर जांच शुरू की।

पत्नी-बच्चों को घर लाने को लेकर हुआ था विवाद

जांच में पता चला कि मृतिका का अपने पुत्र संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी एवं बच्चों को घर लाना चाहता था, जिस बात को लेकर दिनांक 05.07.2023 को उसका अपनी मां से विवाद हुआ था।

विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार में धक्का दे दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। इसके बाद मृतिका के दर्द से कराहने पर आरोपी ने गुस्से में आकर पास में रखे सिलबट्टे के लोहे से उनके सिर के पीछे वार कर दिया। इससे मृतिका के सिर से खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी ने पलंग में लगी मच्छरदानी की रस्सी से उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।

हत्या छिपाने के लिए रचा नाटक

हत्या करने के बाद आरोपी ने घटना को छिपाने के उद्देश्य से मृतिका के सिर में गमछा बांध दिया तथा माथे एवं सिर में गुलाल लगा दिया। आरोपी ने अपनी मां की हत्या की जानकारी अपनी बहनों एवं पुलिस को नहीं दी तथा आसपास के लोगों को मृत्यु का सामान्य कारण बताकर हत्या की घटना को छिपाने का प्रयास किया।

बेटी के शक पर खुला राज

प्रकरण में मृतिका की पुत्री श्रीमती संगीता गोस्वामी द्वारा अपनी मां की मृत्यु को लेकर संदेह व्यक्त किए जाने पर पुलिस ने शिकायत एवं मर्ग जांच के तथ्यों का पुनः सूक्ष्मता से परीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के कथन एवं परिजनों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी की संलिप्तता सामने आई।

पूछताछ में कबूला जुर्म

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी गिरफ्तार

आरोपी संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी पिता स्व. अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी, उम्र 44 वर्ष, निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1240/2026 धारा 302, 201 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दिनांक 19.11.2026 को गिरफ्तार किया गया।