बाल दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर, बच्चों को नशे से बचाव और अधिकारों की दी जानकारी
November 14, 2026रायपुर। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के निर्देशानुसार नालसा की डॉन (DAWN) योजना 2025 के अंतर्गत विशेष विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल बीरगांव और शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गोगांव में आयोजित हुआ। इसमें पैरालीगल वॉलिंटियर्स शुभा यदु, मनीष ध्रुव, सचिन पांडेय और सहदेव नेताम ने बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और बाल संरक्षण कानूनों के बारे में जानकारी दी।
शिविर में दी गई प्रमुख जानकारी
- डॉन योजना 2025: नशीले पदार्थों और मादक द्रव्यों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। नशे से प्रभावित बच्चों की पहचान, परामर्श, उपचार, पुनर्वास और विधिक सहायता के बारे में बताया गया।
- बाल अधिकार एवं संरक्षण: मौलिक अधिकार, शिक्षा का अधिकार, शोषण और बाल अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने के महत्व पर चर्चा हुई।
- निःशुल्क विधिक सहायता: जरूरतमंदों के लिए नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई।
शिविर का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार और सचिव के मार्गदर्शन में किया गया।


