ट्रिपल इंजन सरकार में ही तालाबंदी!जोन-8 अध्यक्ष ने अपने ही जोन कार्यालय में लगाया ताला,धरने पर बैठे सत्ताधारी पार्षद
November 6, 2026
रायपुर। रायपुर नगर निगम में शुक्रवार को अभूतपूर्व स्थिति देखने को मिली, जब जोन क्रमांक-8 के अध्यक्ष ने स्वयं अपने ही जोन कार्यालय में तालाबंदी कर धरना दे दिया। सत्ताधारी दल के पार्षद अपने ही निगम में अपने कामों के लिए धरने पर बैठने को मजबूर हुए।
इस पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब सत्ताधारी दल के पार्षदों का ही काम निगम में नहीं हो पा रहा है, तो आम जनता का क्या हाल होगा।
आकाश तिवारी ने कहा कि छोटे-छोटे कामों के लिए पार्षदों को जोन के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। ट्रिपल इंजन की सरकार की महापौर को खुद अपनी ही निगम में सड़क, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए विशेष सामान्य सभा बुलानी पड़ रही है। जबकि सरकार उनकी खुद की है – शहर में भी, प्रदेश में भी और देश में भी।
उन्होंने सवाल उठाया कि रायपुर नगर निगम को चला कौन रहा है? अधिकारी अपनी मनमानी से चला रहे हैं या महापौर चला रही हैं?
आकाश तिवारी ने कहा कि शायद रायपुर नगर निगम प्रदेश का इकलौता ऐसा निगम होगा, जहां महापौर भी असंतुष्ट हैं, सभी विधायक भी असंतुष्ट हैं, सत्ताधारी दल के पार्षद भी असंतुष्ट हैं और MIC सदस्य भी असंतुष्ट हैं।
उन्होंने महापौर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि बताएं, जोन अध्यक्ष को अपने ही जोन में ताला क्यों लगाना पड़ा?


