विश्व फार्मासिस्ट दिवस और 65वें राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह का भव्य समापन

विश्व फार्मासिस्ट दिवस और 65वें राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह का भव्य समापन

November 6, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया और छत्तीसगढ़ स्टेट फार्मेसी काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का समापन समारोह गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में प्रदेशभर के 70 से अधिक फार्मेसी महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी, कम्युनिटी और हॉस्पिटल फार्मासिस्ट सहित करीब 1500 लोगों ने शिरकत की।

उद्घाटन सत्र में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहब मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से आम जनता को फायदा होगा और फार्मासिस्टों की भूमिका को नई पहचान मिलेगी।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि खाद्य एवं औषधि प्रशासन के कंट्रोलर दीपक कुमार अग्रवाल (IAS) ने कहा कि फार्मेसी और एफडीए का रिश्ता शरीर और आत्मा का है। उन्होंने फार्मासिस्टों से आह्वान किया कि बिना पंजीकृत फार्मासिस्ट के कोई दुकान न चले, बिना पर्ची के एंटीबायोटिक न दिया जाए और नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोका जाए। उन्होंने कहा कि AMR आज विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्टेट फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवा बेचने वाला नहीं, बल्कि ड्रग एक्सपर्ट, पेशेंट काउंसलर और पब्लिक हेल्थ वॉरियर है।

इस दौरान फार्मेसी सप्ताह में हुई पोस्टर, क्विज, नुक्कड़ नाटक, रंगोली, वाद-विवाद, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 31 अक्टूबर को मरीन ड्राइव से शंकर नगर तक AMR जागरूकता रैली भी निकाली गई थी।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और ‘Think Health, Think Pharmacist – स्वस्थ भारत, समृद्ध छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ हुआ।