अनियमित कर्मचारियों को निकालने की साजिश बर्दाश्त नहीं, सरकार का कर्मचारी विरोधी चेहरा बेनकाब – विकास उपाध्याय
November 2, 2026रायपुर। अनियमित कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की तैयारी पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह हजारों परिवारों के साथ अन्याय और भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
उपाध्याय ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री अरुण साव दैनिक वेतन भोगियों को चुन-चुन कर निकालना बंद करें। कांग्रेस कार्यकाल में किसी की छंटनी नहीं की गई, बल्कि 4 हजार श्रम सम्मान का प्रावधान किया गया, जिसे वर्तमान सरकार 100% लागू नहीं कर पा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी में 6437 दैनिक वेतन भोगियों में से कई अन्य विभागों, मंत्रियों, अधिकारियों के बंगलों में घरेलू काम में लगे हैं। कई जगह पूरा परिवार ही विभाग में लगा है, जिससे वित्तीय बोझ बढ़ रहा है। ईएनसी को मौखिक रूप से छंटनी के आदेश दिए जा रहे हैं।
उपाध्याय ने मांग की कि जो श्रमिक विभाग के कार्यालयों के अलावा अन्यत्र घरेलू कार्यों में लगे हैं, उनकी जांच कर कार्रवाई हो, न कि वर्ष बंधन के आधार पर छंटनी हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को हटाया गया तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

