रायगढ़ कॉलेज ऑफ फार्मेसी में इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित, नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दिया गया मार्गदर्शन
November 2, 2026
संपादक मनोज गोस्वामी
रायगढ़ 02 नवंबर 2026//रायगढ़ कॉलेज ऑफ फार्मेसी, रायगढ़ में बी.फार्मेसी प्रथम वर्ष एवं डी.फार्मेसी प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फार्मेसी शिक्षा, महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं फार्मेसी के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.के. प्रधान की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती संतोषी राज (ड्रग इंस्पेक्टर, रायगढ़) रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को फार्मेसी के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, दवाओं की गुणवत्ता, औषधि नियमों एवं समाज के प्रति फार्मासिस्ट की जिम्मेदारियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया साथ ही साथ बच्चों के द्वारा फार्मेसी से संबंधित बहुत सारे सवाल किये गए जिसका प्रत्युत्तर इतनी गहराई से मुख्य अतिथि श्रीमती संतोषी राज ने इतनी सहजता से दिया और बच्चों के लिए आगामी होने वाले प्रतियोगिता परीक्षा के लिए प्रेरित किया और साथ ही साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर डॉ. ईश्वरी चौधरी ने भी विद्यार्थियों को प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। उन्होंने शिक्षा के महत्व, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक जीवन में अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. हरीश गुप्ता ने मुख्य अतिथि, महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, सभी प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापक जय कुमार चंद्रा, आकाश गुप्ता, खगेश राम प्रजापति, आभा रानी, आकांक्षा सा, कीर्ति राउत, सुपर्णा पंडा, भावेश यादव, कृष्णा यादव, धीरेन्द्र कुमार, पूजा पात्रा, अजय बेहरा, इंद्रेश मालाकार, तृप्ति गुप्ता एवं दिनेश यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को फार्मेसी शिक्षा की जिम्मेदारियों एवं भविष्य की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।



