IDBI बैंक निजीकरण के खिलाफ 2-3 नवंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल, बीमा कर्मचारी करेंगे समर्थन में प्रदर्शन
October 30, 2026IDBI बैंक निजीकरण के खिलाफ 2-3 नवंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल, बीमा कर्मचारी करेंगे समर्थन में प्रदर्शन
रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा IDBI बैंक में अपनी और LIC की कुल 60.72% हिस्सेदारी कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को बेचने के फैसले के खिलाफ IDBI के अधिकारियों और कर्मचारियों ने 2 और 3 नवंबर को दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है।
ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिएशन (AIIEA) ने हड़ताल का समर्थन किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मराज महापात्र और महासचिव श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि यह फैसला देश की आर्थिक संप्रभुता के लिए हानिकारक है और विदेशी पूंजी को भारतीय वित्तीय क्षेत्र पर नियंत्रण की छूट देता है।
उन्होंने कहा कि IDBI बैंक लगातार मुनाफे में है और वित्तीय मापदंडों में सुधार कर रहा है, फिर भी सरकार 80 हजार करोड़ के विनिवेश लक्ष्य को पूरा करने के लिए इसे बेच रही है। यह सरकार के 2003 में संसद में दिए गए उस आश्वासन के खिलाफ है, जिसमें कहा गया था कि IDBI में सरकार की हिस्सेदारी हमेशा 51% से कम नहीं होगी।
AIIEA ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों का निजीकरण राष्ट्रीय हितों के खिलाफ है। इसके विरोध में देशभर के बीमा कर्मचारी 2 नवंबर को लंच ब्रेक के दौरान प्रदर्शन करेंगे।


