वोट चोर गद्दी छोड़, बैलेट पेपर से चुनाव कराओ : कांग्रेस का हल्ला बोल, दिल्ली चलो के नारे के साथ हजारों कार्यकर्ता दिल्ली रवाना
October 30, 2026रायपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ने केंद्र के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले हल्ला बोल कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान “दिल्ली चलो, दिल्ली चलो, वोट चोर गद्दी छोड़” और “केंद्र सरकार मुर्दाबाद, ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि पूरे प्रदेश से जिला, ब्लॉक और युवा कांग्रेस, NSUI, महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली कूच कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान चुनाव प्रणाली में पारदर्शिता नहीं है और जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए बैलेट पेपर से चुनाव कराना जरूरी है।
चौहान ने कहा कि रामलीला मैदान में होने वाला यह हल्ला बोल कार्यक्रम लोकतंत्र और वोट के अधिकार को बचाने की लड़ाई है, जिसमें छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी।


