मन की बात लोकशक्ति की आराधना’ : अभनपुर में स्मृति ईरानी के साथ CM साय ने सुनी 139वीं कड़ी

मन की बात लोकशक्ति की आराधना’ : अभनपुर में स्मृति ईरानी के साथ CM साय ने सुनी 139वीं कड़ी

October 26, 2026 0 By Central News Service

‘

रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर जिले के अभनपुर स्थित अग्रवाल भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एवं सिद्धार्थ शंभू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश की लोकशक्ति की आराधना और 140 करोड़ देशवासियों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के जरिए समाज, पर्यावरण, संस्कृति और नवाचार के क्षेत्र में काम कर रहे सामान्य नागरिकों को राष्ट्रीय पहचान देते हैं।

सीएम साय ने कहा कि यह हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और नवाचारों को लगातार स्थान दिया है। बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम का उल्लेख कर उन्होंने बस्तर की प्रतिभा और संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दी। आज बस्तर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोरिया जिले के ‘पांच प्रतिशत मॉडल’ जल संरक्षण, मल्हार के ताम्रपत्रों और ‘हर घर मुनगा’ जैसे प्रयासों की सराहना कर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय मंच पर प्रतिष्ठित किया है।

139वीं कड़ी में प्रधानमंत्री ने पंजाब में प्राकृतिक कपास की खेती से महिला सशक्तिकरण, उत्तराखंड में हेवल नदी के पुनर्जीवन, खादी की लोकप्रियता, वोकल फॉर लोकल, ई-संजीवनी, डीप-टेक स्टार्टअप, श्रीअन्न की खेती और अंगदान के महत्व पर बात की। साथ ही सरदार पटेल जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आह्वान किया।

सीएम ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की अहम भूमिका है।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद लक्ष्मी वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।