खड़गे की टिप्पणी पर CM साय का पलटवार, कहा- माफी मांगे कांग्रेस
October 26, 2026रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता पर की गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनीतिक हताशा में कांग्रेस अब भाषा की मर्यादा और भारतीय संस्कारों की सीमाएं भी लांघने लगी है। आज पटना में खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिताजी पर घृणित और अमर्यादित टिप्पणी घोर निंदनीय और शर्मनाक है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते उनके दिवंगत पिता को निशाना बनाना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियेपन को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस जिस स्तर तक उतर रही है, उसे पूरा देश देख रहा है। जनता इस संस्कारहीन ओछी राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है। जब-जब कांग्रेस ने ऐसी घृणित भाषा अपनाई, जनता ने उन्हें करारा जवाब दिया। इस बार भी वही होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक विरोध की आड़ में ऐसी अभद्र टिप्पणी करना कांग्रेस की गिरी हुई सोच और संस्कारहीन राजनीति का खुला प्रमाण है। खड़गे जी को देश से सार्वजनिक रूप से माफी माँगनी चाहिए।


