मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का एक साल पूरा, 850 गांवों में पहली बार पहुंची बस
October 4, 2026रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने एक साल पूरा कर लिया है। 4 अक्टूबर 2025 को जगदलपुर से शुरू हुई योजना से आज बस्तर-सरगुजा के 13 जिलों के 106 मार्गों पर 107 बसें दौड़ रही हैं। इन बसों ने 850 ऐसे गांवों को पहली बार नियमित बस सेवा से जोड़ा है, जहां पहले पिकअप में जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता था।
एक साल में इन बसों ने 24 लाख किलोमीटर का सफर तय किया है। रोजाना 17,500 किमी चल रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा – अंतिम छोर के गांव तक सुरक्षित और सुलभ परिवहन पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। यह सिर्फ बस सेवा नहीं, दूरस्थ अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का माध्यम है।
34 से बढ़कर 107 हुईं बसें
शुरुआत में 34 मार्गों पर 34 बसों से 250 गांव जुड़े थे। अब संख्या 4 गुना बढ़ गई है। बस्तर संभाग में 51 मार्गों पर 50 बसें और सरगुजा में 55 मार्गों पर 57 बसें चल रही हैं। सुकमा के कोंटा-जगरगुंडा जैसे 83 किमी के दुर्गम मार्ग पर भी अब महिलाएं, बच्चे और मरीज सुरक्षित सफर कर रहे हैं।
दूसरे चरण में 4,368 गांव जुड़ेंगे
दूसरे चरण में 8 नए जिलों – मोहला-मानपुर, खैरागढ़, बालोद, गरियाबंद, जीपीएम, रायगढ़, कोरबा, धमतरी के 85 आदिवासी ब्लॉकों के 4,368 गांवों को जोड़ा जाएगा। 60 से 80 नई बसों से 14.57 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। UPI से टिकट की सुविधा भी शुरू होगी।
सरकार दे रही सब्सिडी, GPS से निगरानी
कम यात्री वाले मार्गों पर सरकार पहले साल 26 रु/किमी, दूसरे साल 24 रु और तीसरे साल 22 रु की मदद दे रही है। अब तक 5.77 करोड़ की सहायता दी गई है। हर बस में VLTD लगा है और कंट्रोल रूम से लाइव ट्रैकिंग हो रही है।
विशेष वर्गों – दिव्यांग, 80+ बुजुर्ग, HIV पीड़ित को 100% और नक्सल प्रभावितों को 50% किराए में छूट मिल रही है।

