महासमुन्द नगरपालिका कर्मचारियों को मिलेगा 2 माह का वेतन..नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने सीएम, मंत्री, सांसद सहित  विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का जताया आभार….

महासमुन्द नगरपालिका कर्मचारियों को मिलेगा 2 माह का वेतन..नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने सीएम, मंत्री, सांसद सहित विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का जताया आभार….

July 14, 2026 0 By Central News Service

महासमुन्द 14 जुलाई 2026// छ.ग. शासन के नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा महासमुन्द नगरपालिका के नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए 1 करोड़ 6 लाख रुपये की राशि भेजी गई है। इससे कर्मचारियों का 2 माह का वेतन भुगतान हो पाएगा।

अभी तक शासन से प्राप्त राशि से ही नगरपालिका कर्मचारियों का वेतन भुगतान हो पा रहा है। पूरी तरह नगरपालिका की आर्थिक स्थिति जर्जर हो गई है।

उक्त बात कहते हुए न.पा. उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने 1 करोड़ से अधिक राशि जारी करने के लिए छ.ग. की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का आभार व्यक्त किया।

राठी ने कहा कि महासमुन्द नगरपालिका में डेढ़ साल से कर्मचारियों के वेतन का भुगतान लगभग शासन स्तर पर ही हो पा रहा है। नगरपालिका अपने कर्मचारियों का भुगतान भी नहीं कर पा रही है और पूरी तरह शासन पर निर्भर है। राशि जारी होने से कर्मचारियों में खुशी की लहर है।

  • चौपाटी नीलामी रद्द होने से 50 लाख की आय पर असर*
    राठी ने आगे कहा कि चौपाटी की दुकानों की नीलामी से लगभग 50 लाख रुपये आने की संभावना थी। लेकिन उसे भी पी.आई.सी. में निरस्त कर दिया गया। जबकि 6 दुकानों के लिए 13 लोगों ने बोली राशि लगभग 6-7 माह से जमा कर रखी थी। बोली की राशि 25,000 रुपये थी। नीलामी की प्रक्रिया को सरल बनाने के बजाय राशि वापस करने के निर्णय से चौपाटी का भविष्य अधर में लटक गया है। अब फिर बंदरबाट की स्थिति बनेगी। आज नगरपालिका में आय के साधन खत्म हो रहे हैं।

विधायक के प्रयास से मिली राहत
नगरपालिका के नियमित एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों का 3 माह से वेतन भुगतान नहीं होने की जानकारी विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को होने पर उन्होंने गंभीरता से प्रयास कर नगरीय प्रशासन मंत्री से आग्रह किया कि कर्मचारियों के भुगतान के लिए व्यवस्था बनाई जाए। जिस पर सरकार ने शीघ्र 2 माह के भुगतान के लिए राशि जारी की।