धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, एनएच-53 पर सांकेतिक चक्काजाम…

धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, एनएच-53 पर सांकेतिक चक्काजाम…

January 30, 2026 0 By Central News Service

महासमुंद 30 जनवरी 2026/ प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर महासमुंद जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष मानिक साहू के नेतृत्व में जिले के बिरकोनी क्षेत्र में राष्ट्रीय राज्यमार्ग-53 पर धान खरीदी को लेकर किसान कांग्रेस ने सांकेतिक रूप से चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने छत्तीसगढ़ राज्य सरकार से धान खरीदी की समय-सीमा एक माह बढ़ाने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

किसान कांग्रेस के एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि धान खरीदी की तय समय-सीमा समाप्त होने से पहले ही कई किसानों की फसल नहीं बिक पाई है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। वहीं टोकन, रकबा संशोधन, कैरी फॉरवर्ड की समस्या और तकनीकी खामियों के चलते किसान परेशान हैं।

धरना स्थल पर किसान नेताओं ने कहा कि सरकार की अव्यवस्थित नीति के कारण मेहनतकश किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। यदि समय-सीमा नहीं बढ़ाई गई तो हजारों किसानों का धान खुले में सड़ने की नौबत आ सकती है। किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मौके पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। हालांकि किसान कांग्रेस द्वारा चक्काजाम केवल सांकेतिक रूप से किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

किसान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसानों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास है। धान खरीदी की अवधि बढ़ाने के साथ-साथ किसानों की अन्य लंबित समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक व्यापक आंदोलन किया जाएगा।


आज के आंदोलनकारियों में अन्नू चंद्राकर ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण, अमर चंद्राकर मंडल अध्यक्ष,
सौरभ हनी चंद्राकर, विष्णु साहू जनपद सदस्य, दीपक चंद्राकर, कुलेश्वर ठाकुर, अरुण चंद्राकर, कपिल साहू, हर्ष शर्मा, नवदीप चंद्राकर, गजेंद्र साहू, शैलेन्द्र सेन, बिहारी पटेल, लिखित यादव, लता यादव पार्षद गौरी साहू ,पार्षद राधा साहू, जयश्री, कुणाल चंद्राकर, डिगेश्वर, सत्यम,हेमंत कुर्रे ,बाबूलाल ,लक्की चंद्राकर,लेखराम साहू सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं उपस्थित थे।