पुलिस विभाग शहीदों के पुत्री एवं धर्मपत्नी ने किया “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह”  का शुभारंभ….

पुलिस विभाग शहीदों के पुत्री एवं धर्मपत्नी ने किया “राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह” का शुभारंभ….

January 3, 2026 0 By Central News Service

महासमुंद 03 जनवरी 2026/ सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पुलिस महासमुंद द्वारा ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026′ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की मंशा के अनुरूप किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य ‘सड़क सुरक्षा से जीवन रक्षा’ की संकल्पना को धरातल पर उतारना है।

इस अवसर पर जिला पुलिस, यातायात विभाग, परिवहन विभाग, की गरिमामयी उपस्थिति रही, कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि उनके पीछे परिवारों का उजड़ना, आर्थिक संकट और मानसिक आघात छिपा होता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक महासमुंद प्रभात कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन किसी मजबूरी के तहत नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की, कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। नशे की हालत में वाहन चलाने को न केवल अपराध, बल्कि आत्मघाती कदम बताते हुए इससे दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही युवा वर्ग से तेज रफ्तार के रोमांच से बचने और संयमित ड्राइविंग अपनाने का आग्रह किया गया।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान हाट-बाजारों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। व्यावसायिक चालकों के लिए निशुल्क नेत्र एवं वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्कूल और कॉलेजों में यातायात कार्यशालाओं का आयोजन कर विद्यार्थियों को नियमों के प्रति संवेदनशील बनाने का सशक्त प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने हेतु विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।

सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ अवसर पर पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशाल बाइक हेलमेट रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ पुलिस कंट्रोल रूम महासमुंद से रवाना होकर शहर के मुख्य मार्गों से होकर भ्रमण कर पुलिस कार्यालय में समापन किया गया, जिसमें पुलिस जवानों ने हेलमेट पहनकर सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश आमजन तक पहुंचाया। इस रैली ने नागरिकों का ध्यान आकर्षित करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाया।


हेलमेट जागरूकता आयोजन के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है और नियमों का पालन ही जीवन की सुरक्षा का सबसे सशक्त माध्यम है। इसलिए दो पहिया सवार हेलमेट एवं चारपहिया सवार सीटबेल्ट का अनिवार्य रुप से पालन करें। नशे कि हालत में वाहन ना चलाएं। यातायात नियमों का पालन करें।