अपने देश के गौरव की रक्षा का संकल्प लें – सुनीता देवदत्त, गणतंत्र दिवस पर खरोरा में 6 स्थानों पर लहराया तिरंगा

अपने देश के गौरव की रक्षा का संकल्प लें – सुनीता देवदत्त, गणतंत्र दिवस पर खरोरा में 6 स्थानों पर लहराया तिरंगा

January 26, 2022 0 By Central News Service

संपादक मनोज गोस्वामी

महासमुंद 26 जनवरी 2022/ गणतंत्र दिवस के अवसर पर ग्राम खरोरा में 6 स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला, ज्ञान गंगा स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्र, साईं चौक और ग्राम पंचायत भवन में सरपंच सुनीता चन्द्राकर, हेमलता चन्द्राकर, दुर्गा चन्द्राकर, संगीता यादव, देवदत्त चन्द्राकर, बिसाहू चन्द्राकर, आशा परमार, राहुल जी पंच ने ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण पश्चात् पंचायत भवन में आयोजित सादे समारोह में सरपंच सुनीता देवदत्त चन्द्राकर ने कहा कि “भारतीय संविधान के निर्माण के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में संविधान प्रारूप समिति गठित की गई। 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन की मेहनत के बाद प्रारूप समिति द्वारा 26 नवंबर 1949 को संविधान बनाकर तैयार किया गया, इस दिन को भारतीय इतिहास में संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है जिसमें 395 अनुच्छेद और 8 अनुसूचियां थी। 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को स्वीकार किया गया पर इसे 26 जनवरी, 1950 से लागू करने का निर्णय लिया गया। इसका कारण यह है कि 26 जनवरी, 1930 को भारत को पूर्ण स्वराज घोषित कर दिया गया और इस दिन को स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की गई। इसके बाद हर वर्ष 26 जनवरी को भारत में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाने लगा। देश को आजादी मिलने के बाद 26 जनवरी की यादों को बनाए रखने के लिए इसी दिन भारतीय संविधान को लागू करने का फैसला किया गया।

उन्होंने कहा कि भारतीय गणतंत्र के समक्ष आज बहुत सी चुनौतियां मुंह फैलाए आज हमारे सामने खड़ी हैं। भ्रष्टाचार, साम्प्रदायिकता, बेरोजगारी, गरीबी, अशिक्षा, आतंकवाद, नक्सलवाद, राजनीति का अपराधीकरण जैसे बहुत सी समस्याएं हैं जो हमारे आस-पास नजर आ जाएंगी। समस्याओं का समाधान करने की दिशा में शासन-प्रशासन के साथ साथ हमें भी अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। अमर जवानों और शहीदों के बलिदान को हम व्‍यर्थ नहीं जाने देंगे और अपने देश के गौरव की रक्षा करेंगे। देश की प्रगति और उसकी सेवा के लिये हमेशा तत्‍पर रहेंगे।

इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक उमेश भारती गोस्वामी ने कहा कि “पूरा देश स्वतंत्रता के 75 वी वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव मना रहा है। स्वस्थ भारत, समर्थ भारत की संकल्पना लेकर तथा राष्ट्र को शक्ति संपन्न व बलशाली बनाने के उद्देश्य से 75 करोड़ सूर्य नमस्कार का लक्ष्य लेकर विश्व कीर्तिमान बनाने का संकल्प भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा लिया गया है। योग के अग्रणी संस्थान पतंजलि योगपीठ ,क्रीड़ा भारती एवं नेशनल योगासन स्पोर्ट्स फेडरेशन, गीता परिवार, हार्टफुलनेस द्वारा इस दिशा में समाज के साथ जुड़कर कार्य को मूर्त रूप प्रदान किया जा रहा है।”

कार्यक्रम में उपसरपंच हेमलता चन्द्राकर, शाला प्रबंधन समिति के दुर्गा चन्द्राकर, संगीता यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक बिसाहू चन्द्राकर, संजय साहू ने भी संबोधित किया। संचालन ज्ञान गंगा विद्यालय के संचालक देवदत्त चन्द्राकर एवं आभार प्रदर्शन ग्राम पंचायत सचिव चन्द्रमणी चन्द्राकर ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक डोमार राम साहू, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक चन्द्रकांत चन्द्राकर, रामेश्वरी ध्रुव, मोना चन्द्राकर, गायत्री चन्द्राकर, दुबे कुमार पटेल, प्रीति तिवारी, माया भोसले, डेमेश्वरी गजेन्द्र, कुमुदिनी चन्द्राकर,ओमप्रकाश शर्मा, डिगेश्वरी कुर्रे, नीलम कोसरे, तनु चन्द्राकर, भूमिका विश्वकर्मा, लता चन्द्राकर, वैष्णवी कुर्रे, माधुरी पटेल, रामप्रसाद चन्द्राकर सहित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पंचगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य गण उपस्थित रहे।
उक्ताशय की जानकारी ग्राम पंचायत द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गई।