बी.के. बहारा धान उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी तिहार का शुभारंभ

बी.के. बहारा धान उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी तिहार का शुभारंभ

November 15, 2026 0 By Central News Service

बागबाहरा 15 नवंबर 2026// अन्नदाता का सम्मान, किसानों का कल्याण और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी संकल्प के साथ आज खल्लारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बी.के. बहारा धान उपार्जन केंद्र में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के धान खरीदी तिहार का वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर बी.के. बहारा के सरपंच खेमराज साहू, भीमखोज पंचायत के सरपंच भेख राम बघेल, पूर्व सरपंच प्रमोद चंद्राकर, सोसायटी के कर्मचारीगण सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के किसान भाई बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ाकर कुल 3,100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है। सभी उपार्जन केंद्रों में सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी खरीदी, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल प्रदान कर उनकी समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की मेहनत और परिश्रम से ही प्रदेश की खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होता है। सरकार का संकल्प है कि किसान समृद्ध हों, खेती खुशहाल हो और अन्नदाता के परिश्रम का पूरा सम्मान मिले।