अब घर बैठे भरें ट्रैफिक चालान, सरकारी दफ्तरों के चक्कर से मिलेगी मुक्ति

अब घर बैठे भरें ट्रैफिक चालान, सरकारी दफ्तरों के चक्कर से मिलेगी मुक्ति

November 16, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। वाहन चालकों के लिए यातायात विभाग से जुड़ी एक सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध है। अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर जारी ई-चालान का भुगतान करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। वाहन चालक घर बैठे ही ऑनलाइन माध्यम से अपने लंबित ट्रैफिक चालान की जानकारी प्राप्त कर उसका भुगतान कर सकते हैं।

इसके लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट echallan.parivahan.gov.in पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। इस पोर्टल के माध्यम से वाहन मालिक अपने वाहन का चालान स्टेटस देख सकते हैं और बकाया राशि का भुगतान डिजिटल माध्यम से कर सकते हैं।

ऑनलाइन चालान भरने की पूरी प्रक्रिया

पहला चरण: सबसे पहले आधिकारिक ई-चालान पोर्टल http://echallan.parivahan.gov.in पर जाएं।

दूसरा चरण: वेबसाइट पर वाहन नंबर और स्क्रीन पर दिखाई देने वाला कैप्चा कोड दर्ज करें। इसके बाद ‘Get Details’ विकल्प पर क्लिक करें।

तीसरा चरण: स्क्रीन पर वाहन से संबंधित लंबित चालानों की जानकारी दिखाई देगी। इनमें से जिस चालान का भुगतान करना है, उसे चुनें और ‘Pay Now’ पर क्लिक करें।

चौथा चरण: भुगतान प्रक्रिया के दौरान उपलब्ध पेमेंट गेटवे में ‘Direct Payment’ विकल्प चुनें। नियम एवं शर्तों को स्वीकार करने के बाद आगे बढ़ें।

पांचवां चरण: अब अपनी सुविधानुसार यूपीआई (UPI), डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या उपलब्ध अन्य डिजिटल भुगतान माध्यम से चालान की राशि जमा करें।

भुगतान पूरा होने के बाद उसकी रसीद और ट्रांजेक्शन विवरण सुरक्षित रख लें। यदि भुगतान के बाद भी चालान लंबित दिखाई देता है, तो दोबारा भुगतान करने से पहले उसकी स्थिति की जांच अवश्य करें।

फर्जी वेबसाइट और लिंक से रहें सावधान
ऑनलाइन चालान भरते समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। भुगतान हमेशा आधिकारिक सरकारी पोर्टल के माध्यम से ही करें। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड या गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।