स्वच्छता में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि: रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि: रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

November 7, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन शहरों को सम्मानित करेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर तीनों शहरों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सफाई मित्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान हजारों सफाई मित्रों के परिश्रम और जागरूक नागरिकों की सहभागिता का सम्मान है। स्वच्छता केवल पुरस्कार का विषय नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता से जुड़ा संकल्प है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि तीन शहरों को मिलने वाला राष्ट्रीय सम्मान अन्य नगरीय निकायों के लिए प्रेरणा बनेगा।

केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र भेजकर चयन की जानकारी दी है। समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल तथा राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने का अवसर मिलेगा, जिसमें सफाई मित्रों को विशेष महत्व दिया जाएगा।