करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर – मुख्यमंत्री साय
October 28, 2026रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम परिसर में उरांव (सरना) आदिवासी विकास संघ द्वारा आयोजित करम पूजा परब 2026 में शामिल हुए। उन्होंने करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि करम परब हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। यह पर्व प्रकृति के प्रति आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। हमारे पूर्वजों ने प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीने की जो परंपरा विकसित की, वह आज भी समाज को संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी जनजातीय संस्कृति और लोकपर्वों से है। करम परब जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना भी जरूरी है।
गनोद में 50 लाख के सामुदायिक भवन की घोषणा –
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर रायपुर जिले के गनोद गांव में उरांव समाज के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे समाज को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। हमारी सांस्कृतिक विरासत ही हमारी पहचान और शक्ति है।
इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम के पदाधिकारी, समाज प्रमुख बिन्देश्वर भगत, उरांव समाज के वरिष्ठजन और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।

