मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड को मिली नई उड़ान, अब विकास का बनेगा प्रमुख इंजन – मंत्री ओपी चौधरी
October 27, 2026हाउसिंग बोर्ड अब छत्तीसगढ़ के विकास का प्रमुख इंजन बनेगा – मंत्री ओपी चौधरी
नवा रायपुर। वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल आने वाले वर्षों में प्रदेश के विकास का प्रमुख इंजन बनेगा। अब हाउसिंग बोर्ड सिर्फ आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सड़क, पुल, खेल अधोसंरचना, सार्वजनिक भवन और शहरी पुनर्विकास में भी बड़ी भूमिका निभाएगा।
नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में मंडल की राज्य स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मंडल को आर्थिक रूप से सुदृढ़ और बहुआयामी संस्था बनाया जा रहा है।
700 करोड़ का कर्ज खत्म, 1800 करोड़ का राजस्व –
मंत्री ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड की लगभग 700 करोड़ रुपये की ऋण देनदारी समाप्त कर दी गई है। वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना से लंबे समय से रिक्त पड़ी 8 हजार से अधिक संपत्तियों की बिक्री कर 1800 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है।
अब नई आवासीय परियोजनाएं बिना मांग आकलन के शुरू नहीं होंगी। 30% बुकिंग की शर्त को निविदा प्रक्रिया से जोड़ा गया है।
पीपीपी और टीपीएस मॉडल से विकास –
चौधरी ने कहा कि विकास के लिए सिर्फ सरकारी बजट पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। टीपीएस, पीपीपी और पुनर्विकास मॉडल से काम किया जाएगा। सेरीखेड़ी में 800 करोड़ की परियोजना में पीपीपी मॉडल से 94 एकड़ भूमि की बचत का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इससे सरकारी बजट पर बोझ कम होगा।
2 हजार करोड़ की नई परियोजनाएं –
मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि पिछले 18 महीनों में मंडल ने उल्लेखनीय प्रगति की है और 2 हजार करोड़ से अधिक की नई परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ नाम बदलना नहीं, सोच और कार्यसंस्कृति में बदलाव है।
कार्यशाला में IIM रायपुर के निदेशक डॉ. संजीव पाराशर, IIIT और NIT के विशेषज्ञों ने AI, वित्तीय प्रबंधन और आधुनिक निर्माण तकनीकों पर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

