चेंबर का महा-अभियान “आया त्योहार, चलो बाजार” का गोल बाजार से शुभारंभ, चाइनीज लाइट नहीं मिट्टी के दीयों से दीवाली मनाने की अपील

चेंबर का महा-अभियान “आया त्योहार, चलो बाजार” का गोल बाजार से शुभारंभ, चाइनीज लाइट नहीं मिट्टी के दीयों से दीवाली मनाने की अपील

October 27, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने त्योहारी सीजन में स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए प्रदेशव्यापी महा-अभियान “आया त्योहार, चलो बाजार – रोशन बाजार, समृद्ध व्यापार” का आज भव्य शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में मटकी लाइन, गोल बाजार, रायपुर से की गई।

शुभारंभ अवसर पर चेंबर पदाधिकारियों ने गोल बाजार में स्थानीय कुम्हार भाइयों से मिट्टी के दीये एवं स्वदेशी उत्पाद खरीदकर अभियान का श्रीगणेश किया।

“त्योहार की रौनक बाजारों से” – सतीश थौरानी
प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि त्योहारों की असली रौनक ऑनलाइन स्क्रीन पर नहीं, बल्कि हमारे अपने पारंपरिक बाजारों की चहल-पहल से होती है। स्थानीय बाजार मजबूत होंगे तभी प्रदेश की अर्थव्यवस्था समृद्ध होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि दीवाली पर घर-आंगन को चाइनीज लाइटों के बजाय कुम्हारों द्वारा बनाए शुद्ध मिट्टी के दीयों से रोशन करें।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत चेंबर का विशेष प्रतिनिधिमंडल रायपुर के सभी प्रमुख बाजारों का दौरा कर व्यवस्था देखेगा, ताकि ग्राहकों और व्यापारियों को कोई परेशानी न हो। चेंबर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस व प्रशासन के साथ सहयोग करेगा और व्यापारियों से अतिक्रमण न करने की अपील की गई है।

तीन नए मंत्री मनोनीत –
इस दौरान चेंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने गोल बाजार के विवेकानंद गुप्ता, कलीराम साहू और मोहम्मद अजीज ममदानी को चेंबर का नया मंत्री मनोनीत किया।

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, पार्षद मुरली शर्मा, उपाध्यक्ष लोकेश जैन, राजकुमार तारवानी सहित गोल बाजार मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश जैन, महामंत्री कलीराम साहू और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।