ट्रिपल इंजन सरकार में रायपुर निगम का 272 करोड़ हक का पैसा अटका, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने महापौर पर साधा निशाना

ट्रिपल इंजन सरकार में रायपुर निगम का 272 करोड़ हक का पैसा अटका, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने महापौर पर साधा निशाना

October 26, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने ट्रिपल इंजन की सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार ने निगम का 272.13 करोड़ रुपये का हक का पैसा दबा कर रखा है और महापौर अपनी ही सरकार से पैसा मांगने में नाकाम साबित हो रही हैं।

आकाश तिवारी ने कहा कि राजधानी को ट्रिपल इंजन नहीं, बल्कि फुल ब्रेक लग गया है। जनता ने तेज विकास के नाम पर वोट दिया था, लेकिन आज निगम को अपने ही हक के पैसे के लिए भीख मांगने की स्थिति में ला दिया गया है। 70 वार्डों में नाली, सड़क, लाइट जैसे छोटे-छोटे कामों के लिए पार्षदों को चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और ठेकेदारों की दिवाली अंधेरे में है।

272.13 करोड़ का हिसाब –
नेता प्रतिपक्ष ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि रायपुर निगम को राज्य सरकार से लेना है –

  1. मुद्रांक शुल्क मद – 226.00 करोड़
  2. आबकारी / बार लाइसेंस मद – 39.00 करोड़
  3. चुंगी कर क्षतिपूर्ति मद – 3.35 करोड़
  4. संधारण / क्षतिपूर्ति मद – 3.78 करोड़
    कुल – 272.13 करोड़ रुपये

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या महापौर अपनी ही सरकार के मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री से हक मांगने में कमजोर साबित हो रही हैं? निगम में भी भाजपा, प्रदेश में भी भाजपा, केंद्र में भी भाजपा फिर भी पैसों के लिए दर-दर क्यों भटकना पड़ रहा है?

तिवारी ने कहा कि जब हक का पैसा ही नहीं मिलेगा तो निगम नया टैक्स लगाकर वसूली करेगी, जिसका सीधा बोझ आम जनता पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय निगम की यह आर्थिक बदहाली दुर्भाग्यजनक है और इसका जवाब महापौर को जनता को देना होगा।