CAIT के राष्ट्रीय चेयरमेन बृजमोहन अग्रवाल एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे, प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में व्यापार हितों पर मंथन
October 26, 2026रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय चेयरमेन श्री बृजमोहन अग्रवाल एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली।
बैठक में प्रदेश के व्यापारिक परिदृश्य, व्यापारियों की समस्याओं, संगठनात्मक गतिविधियों तथा व्यापार जगत को अधिक सशक्त, आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
राष्ट्रीय चेयरमेन श्री बृजमोहन अग्रवाल ने CAIT छत्तीसगढ़ की संगठनात्मक सक्रियता एवं व्यापारी हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए छत्तीसगढ़ इकाई को देश के सर्वश्रेष्ठ चैप्टरों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और व्यापारियों को अनुकूल व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने और युवाओं को व्यापार के क्षेत्र में मार्गदर्शन देने से आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी ने कहा कि GST सरलीकरण, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और अनावश्यक प्रक्रियाओं को कम करना व्यापारियों की प्रमुख अपेक्षा है। छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ना संगठन की प्राथमिकता है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ इकाई के लिए प्रेरणादायक है और संगठन महिला उद्यमिता, युवा उद्यमिता, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री श्री अवनीत सिंह भाटिया ने किया। बैठक में आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल के संकल्प को साकार करने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और डिजिटल व्यापार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर श्री जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, विजय पटेल, राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा सहित कैट, युवा कैट, महिला कैट एवं ट्रांसपोर्ट विंग के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

