FBCC CUP 2026 के समापन समारोह में शामिल हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

FBCC CUP 2026 के समापन समारोह में शामिल हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

October 15, 2026 0 By Central News Service


महासमुंद 15 अक्टूबर 2026// खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भिलाईदादर, ग्राम पंचायत खैरटखुर्द में आयोजित FBCC CUP 2026 क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन 15 अक्टूबर 2026 को उत्साह एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबले का आनंद लिया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


12 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार FEARLESS FIGHTER फिरंगी की टीम ने प्राप्त किया, जिसे ₹50,000 की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। टीम के ऑनर लव कुमार हैं। वहीं, द्वितीय पुरस्कार प्राप्त करने वाली आदर्श-11 की टीम को ₹30,000 की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इस टीम के ऑनर श्री पुरुषोत्तम फिरंगी हैं।


इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने अपने उद्बोधन में विजेता टीम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। वहीं, उपविजेता टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार से निराश होने की आवश्यकता नहीं है। खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन निरंतर अभ्यास, मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि क्षेत्र की प्रतिभाओं को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर अपने गांव, क्षेत्र और महासमुंद जिले का नाम रोशन करना चाहिए।


ठाकुर ने कहा कि आज के दौर में खेल युवाओं के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने भारत सरकार द्वारा खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित खेलो इंडिया जैसी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने तथा खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने FBCC CUP 2026 के सफल आयोजन के लिए आयोजक रिहान मेहरा, केजू मेहरा एवं पूरी आयोजन समिति को बधाई दी।


कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खैरटखुर्द के सरपंच टिकेलाल चक्रधारी, देशबंधु समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार ललित सोनी, भाजपा किसान मोर्चा जिला महासमुंद के मीडिया प्रभारी हीरा साहू सहित आयोजन समिति के सदस्य, खेलप्रेमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।