कार्टून समाज का दर्पण है, सोचने पर मजबूर करता है : मुख्यमंत्री साय
October 14, 2026रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। गंभीर विषयों को सहजता से जनमानस तक पहुंचाने में कार्टून की अद्भुत क्षमता है।
साय मंगलवार को राजधानी में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कई बार जो बात हजारों शब्दों में कहना कठिन होता है, उसे एक कार्टून बड़ी सरलता से कह देता है।
मुख्यमंत्री ने भारतीय कार्टून कला की परंपरा में आर.के. लक्ष्मण के ‘कॉमन मैन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह किरदार देश के आम नागरिक की आशाओं और चिंताओं की पहचान बन गया।
कॉफी टेबल बुक का विमोचन, अभिषेक तिवारी सम्मानित
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
साय ने युवा कार्टूनिस्टों से अपनी रचनात्मकता को नई उड़ान देने और डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूर्ण होने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा और पूरी टीम को बधाई दी गई। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, हिमांशु द्विवेदी सहित देशभर से आए कार्टूनिस्ट और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


