जशपुरनगर में 11.83 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, मुख्यमंत्री साय ने दी स्वीकृति

जशपुरनगर में 11.83 करोड़ की लागत से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, मुख्यमंत्री साय ने दी स्वीकृति

October 14, 2026 0 By Central News Service

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर जशपुरनगर में 11 करोड़ 83 लाख की लागत से हाईटेक बस स्टैंड बनाया जाएगा। वार्ड 8 के पुराने मवेशी बाजार परिसर में लगभग 3 एकड़ में बनने वाले इस टर्मिनल के लिए स्वीकृति मिल गई है और टेंडर प्रक्रिया जारी है।

नए बस स्टैंड में एक साथ 35 से 40 बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी। यहां प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है और 5 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। यहां से झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों के लिए बसें संचालित होती हैं।

मिलेंगी ये सुविधाएं
टर्मिनल में वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और बसों की जानकारी के लिए डिजिटल सूचना स्क्रीन लगाई जाएगी। परिसर में 40 दुकानें भी बनेंगी, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

जशपुर के साथ ही कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड को स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि बंदरचुआ और दुलदुला में 1-1 करोड़ की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है।