रायपुर में ‘गुरु वंदन’ तिरंगा फेस्ट ग्रैंड फिनाले संपन्न, 30 प्रस्तुतियों ने बांधा समां,, 5 साल के नन्हे कलाकारों से लेकर 70 साल तक के प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर, कलेक्टर ने किया सम्मानित
September 4, 2026रायपुर, 4 सितंबर। शहीद स्मारक भवन, जयस्तंभ चौक में आयोजित ‘गुरु वंदन’ तिरंगा शक्ति फेस्ट का ग्रैंड फिनाले कला, संस्कृति और देशभक्ति के संगम के साथ संपन्न हुआ। सितंबर माह को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को समर्पित इस आयोजन में शास्त्रीय संगीत, कथक, भरतनाट्यम, देशभक्ति गीत सहित करीब 30 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन रायपुर, नगर पालिक निगम रायपुर, कला केंद्र और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह अभिनव आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, बिरगांव नगर निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, अपर कलेक्टर नवीन ठाकुर, कीर्तिमान सिंह राठौर और संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी सहित गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
नन्हे कलाकार बने आकर्षण का केंद्र
फिनाले की सबसे खास तस्वीर 5 साल के नन्हे कलाकारों की रही, जिन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच संभाला। प्रतियोगिता दो आयु वर्गों 5 से 15 वर्ष और 15 से 70 वर्ष में रखी गई थी। गुरु वंदन थीम के अनुरूप शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक साथ मंच पर प्रस्तुति देकर गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत किया।
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने सभी कलाकारों, शिक्षकों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे तिरंगा शक्ति फेस्ट के आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें।
हर महीने बदलेगी थीम
कलेक्टर डॉ. सिंह ने बताया कि तिरंगा फेस्ट की सबसे बड़ी विशेषता हर महीने थीम का बदलना है।
आगामी कार्यक्रम इस प्रकार होंगे –
25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर ‘अंत्योदय’ थीम पर आयोजन होगा, जिसमें स्वच्छता दीदी, पिंक दीदी और सफाई कर्मियों को विशेष मंच दिया जाएगा।
19 नवंबर को रानी लक्ष्मीबाई जयंती पर मंच केवल महिलाओं के लिए होगा।
12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती पर 15 से 29 वर्ष के युवाओं की भागीदारी रहेगी।
25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी जयंती पर भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

