एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद : छत्तीसगढ़ में CAIT और आयकर विभाग की ऐतिहासिक पहल

एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद : छत्तीसगढ़ में CAIT और आयकर विभाग की ऐतिहासिक पहल

September 2, 2026 0 By Central News Service

रायपुर, 02 सितंबर 2026

देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और आयकर विभाग ने आज छत्तीसगढ़ के व्यापारिक इतिहास में एक नई पहल की है। “एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद” की थीम पर “व्यापारी कर संवाद” कार्यक्रम प्रदेश के 8 प्रमुख जिलों में एक साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम में रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, धमतरी और जगदलपुर सहित अन्य जिलों में व्यापारियों और आयकर अधिकारियों के बीच सीधा संवाद हुआ।

चार स्तंभों पर रहा फोकस

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य चार स्तंभों – जानकारी, जागरूकता, मार्गदर्शन और समाधान पर केंद्रित रहा। इसके लिए विशेष PPT के माध्यम से व्यापारियों को आयकर के प्रावधानों, प्रक्रियाओं और अनुपालन के बारे में विस्तार से बताया गया और उनकी व्यावहारिक समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।

मुख्य आयुक्त ने दिया भरोसा – नोटिस से न घबराएं

CAIT प्रदेश मुख्यालय रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य आयकर आयुक्त, रायपुर श्री संजीव (IRS) मुख्य अतिथि रहे। उनके साथ प्रमुख आयकर आयुक्त-1 श्री मुनीश कुमार (IRS), अतिरिक्त आयकर आयुक्त श्री चिलाकला राजेश्वर रेड्डी (IRS) और उप आयकर आयुक्त डॉ. गगन गिरी गोस्वामी (IRS) भी उपस्थित रहे।

मुख्य आयुक्त श्री संजीव ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा – “नोटिस से घबराएं नहीं, आयकर विभाग आपके लिए मित्र एवं मार्गदर्शक के रूप में काम कर रहा है।” उन्होंने बताया कि यह पहला चरण है, अगले चरण में प्रदेश के सभी 33 जिलों में CAIT के साथ मिलकर यह संवाद जारी रहेगा।

व्यापारी और विभाग के बीच विश्वास का सेतु – पारवानी

CAIT के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री अमर पारवानी ने कहा कि “यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यापारियों और विभाग के बीच विश्वास, पारदर्शिता और सकारात्मक संवाद को मजबूत करने का सेतु है।”

उन्होंने कहा कि एक ही दिन पूरे प्रदेश में एक साथ ऐसा आयोजन अपने आप में एक अनूठा मॉडल है। इससे स्वैच्छिक कर अनुपालन बढ़ेगा और प्रदेश के व्यापारिक वातावरण में पारदर्शिता आएगी।

CAIT प्रदेश अध्यक्ष श्री परमानंद जैन ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री श्री अवनीत सिंह ने किया और आभार प्रदर्शन सीए मुकेश मोटवानी ने किया।

इस अवसर पर CAIT चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, कोषाध्यक्ष विजय पटेल सहित सैकड़ों व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।